चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जानकीकुंड स्थित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के संस्थापक परम पूज्य सद्गुरुदेव रणछोड़दास महाराज का अवतरण दिवस कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे। विभिन्न धार्मिक एवं सेवा आयोजनों के माध्यम से गुरुदेव के आदर्शों को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री रघुबीर मंदिर (बड़ी गुफा) में गुरुदेव की चरण पादुकाओं के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद प्रार्थना भवन में ध्वजारोहण, पूजन और आरती के साथ 118वें श्री तारा नेत्रदान यज्ञ का शुभारंभ किया गया। चिकित्सकों और कार्यकर्ताओं को बैज लगाकर सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गई। सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के ऑपरेशन थिएटर में अखंड दीप प्रज्वलित कर नेत्र यज्ञ की शुरुआत की गई। साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए नवीन चश्मा केंद्र का उद्घाटन हुआ।
ट्रस्ट के प्रबंध ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. ईलेश जैन ने कहा कि दृष्टिहीनता निवारण केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में प्रकाश लाने का पुनीत कार्य है। उन्होंने सभी से नेत्र सेवा के इस अभियान में सहभागिता की अपील की। इस अवसर पर अमेरिका से आए डॉ. प्रकाश शाह और राजकोट के डॉ. जयसुख मकवाना को सम्मानित किया गया। वहीं, 2000 से अधिक साधु-संतों और श्रद्धालुओं के लिए भंडारा आयोजित हुआ। इस दौरान ट्रस्ट के प्रथम अध्यक्ष सेठ अरविंदभाई मफतलाल की 15वीं पुण्यतिथि पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भावपूर्ण स्मरण किया। इस अवसर पर सभी ने चित्रकूट स्थित उनकी समाधि पर पहुँचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा ट्रस्ट की स्थापना, विकास एवं सेवा गतिविधियों के विस्तार में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।


No comments:
Post a Comment