कौहन-मर्का पुल से फतेहपुर में हो रही एंट्री
पुल की सुरक्षा व ग्रामीणों की जान पर मंडरा रहा खतरा
खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । किशनपुर व असोथर थाना क्षेत्र में शाम ढलते ही ओवरलोड मोरंग लदे डंपरों की आवाजाही तेज हो जाती है। दिनभर शांत रहने वाली सड़कों पर अंधेरा होते ही भारी वाहनों का काफिला दौड़ने लगता है। बांदा जिले से मोरंग लादकर आने वाले डंपर कौहन-मर्का यमुना पुल के रास्ते फतेहपुर में प्रवेश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के अंधेरे में ओवरलोडिंग का यह खेल बेखौफ जारी रहता है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही है। बताया जाता है कि बांदा जिले से मोरंग लादकर आने वाले डंपर कौहन-मर्का यमुना पुल पार कर असोथर थाना क्षेत्र में प्रवेश करते हैं। इसके बाद ये वाहन खागा, फतेहपुर व कौशांबी की ओर निकल जाते हैं। स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब सात बजे
के बाद पुल पर डंपरों की आवाजाही बढ़ जाती है और देर रात तक भारी वाहनों का सिलसिला जारी रहता है। आरोप है कि कई डंपरों में निर्धारित क्षमता से अधिक, करीब 40 से 50 टन तक मोरंग लादकर परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी ओवरलोड डंपरों के गुजरने के दौरान कौहन-मर्का यमुना पुल में कंपन महसूस होता है। वहीं असोथर क्षेत्र की कई सड़कों की हालत भी खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि लगातार ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से पुल की संरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिन में कभी-कभार चेकिंग होने के कारण ओवरलोड वाहन संचालक रात के समय परिवहन को अधिक मुफीद समझते हैं। उनका कहना है कि शाम ढलने के बाद खनन, परिवहन और पुलिस विभाग की निगरानी प्रभावी न होने से भारी वाहनों की आवाजाही पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ऐसे में ओवरलोडिंग रोकने की जिम्मेदारी निभाने वाले विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। असोथर क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। धूल, शोर और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से कौहन-मर्का यमुना पुल पर रात के समय निगरानी बढ़ाने, स्थायी चेक पोस्ट स्थापित करने, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने और असोथर क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment