चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला शाखा के द्विवार्षिक अधिवेशन में शुक्रवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पेंशनरों की समस्याएं सुनते हुए उनके प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण का भरोसा दिलाया। साथ ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देश पर पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) जमा कराने का अभियान संचालित किया जा रहा है। सभी पेंशनर ऑनलाइन माध्यम से आसानी से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। उन्होंने अपील की कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें, जिससे पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनर प्रशासन का अभिन्न अंग हैं। उनकी समस्याओं का समाधान प्रशासन की
प्राथमिकता है। किसी भी पेंशनर को पेंशन, जीवन प्रमाण पत्र या अन्य किसी प्रकार की समस्या होने पर वह लिखित रूप से शिकायत दे सकता है अथवा व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी बात रख सकता है। प्राप्त शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
जिले में कुल 5158 पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर हैं। एक से 12 नवंबर तक इनमें से 207 लोगों के ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र कोषागार के सीटीएस पोर्टल पर प्राप्त हुए, जिनका निस्तारण कर दिया गया है। डीएम ने पेंशनरों को हर संभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। संगठन के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार द्विवेदी, महामंत्री मोतीलाल सिंह पटेल, कार्यवाहक अध्यक्ष जगबली सिंह और प्रताप नारायण श्रीवास्तव ने कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए पेंशन में सम्मानजनक वृद्धि की जानी चाहिए। साथ ही आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने, चिकित्सा भत्ता बढ़ाकर पांच से छह हजार रुपये करने तथा बुजुर्ग पेंशनरों के इलाज और अन्य सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। इस सम्बन्ध में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों को शासन तक पहुंचाने का अनुरोध किया। डीएम ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए ज्ञापन उचित माध्यम से शासन को भेजने का आश्वासन दिया।


No comments:
Post a Comment