118वें श्री तारा नेत्रदान यज्ञ के शुभारंभ के साथ मनाया गया परम पूज्य रणछोड़दास जी महाराज का अवतरण दिवस
देश-विदेश से हजारों की संख्या में चित्रकूट पहुँचे श्रद्धालु, श्री रघुबीर मंदिर में हुआ पादुका पूजन, सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय में अखंड दीप प्रज्वलन के साथ प्रारंभ हुआ नेत्र यज्ञ
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जानकीकुंड स्थित अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त सेवाभावी संस्था श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के संस्थापक परम पूज्य सद्गुरुदेव श्री रणछोड़दास जी महाराज का अवतरण दिवस कार्तिक शुक्ल चतुर्थी के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में गुरुभक्त एवं शिष्य परिवार चित्रकूट पहुँचे और विभिन्न धार्मिक एवं सेवाभावी आयोजनों में सहभागिता कर गुरुदेव के श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री रघुबीर मंदिर (बड़ी गुफा) में परम पूज्य गुरुदेव की चरण पादुकाओं के विधिवत पूजन-अर्चन से हुआ। श्रीमती उषा बी. जैन, ट्रस्ट के प्रबंध ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. ईलेश जैन, श्री जिनेश जैन एवं उनके परिवारजनों ने संत-महात्माओं, गुरुभाई-बहनों तथा सद्गुरु परिवार के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विधि-विधानपूर्वक पादुका पूजन किया।
इसके पश्चात प्रार्थना भवन में 118वें श्री तारा नेत्रदान यज्ञ का शुभारंभ ध्वजारोहण, पूजन एवं आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं को बैज लगाकर नेत्र यज्ञ में उनकी सेवा संबंधी जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। यह नेत्र यज्ञ ट्रस्ट द्वारा दृष्टिहीनता निवारण एवं जरूरतमंदों को नेत्र ज्योति प्रदान करने के लिए संचालित सेवा परंपरा की महत्वपूर्ण कड़ी है। इस अवसर पर अमेरिका से पधारे हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश शाह एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सोना शाह तथा राजकोट से पधारे दंत चिकित्सक डॉ. जयसुख मकवाना का गुरुदेव की चरण पादुका, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। ट्रस्ट द्वारा उनकी सेवाओं एवं सामाजिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
ट्रस्ट के प्रबंध ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. ईलेश जैन ने अपने उद्बोधन में गुरुदेव के सेवा एवं परोपकार के आदर्शों का स्मरण करते हुए सभी गुरुभक्तों एवं सद्गुरु परिवार के सदस्यों से नेत्र सेवा के इस महायज्ञ में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दृष्टिहीनता निवारण का कार्य केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में प्रकाश लाने का पुनीत माध्यम है। उन्होंने इस अवसर पर श्रद्धेय पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन का भी पुण्य स्मरण किया।
तत्पश्चात सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के ऑपरेशन थिएटर में अखंड दीप प्रज्वलित कर नेत्र यज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। साथ ही, रोगियों को बेहतर नेत्र सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवीन चश्मा केंद्र का उद्घाटन भी किया गया। अपराह्न में श्री रघुबीर मंदिर परिसर में 2,000 से अधिक साधु-संतों, श्रद्धालुओं एवं अभ्यागतों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समस्त आयोजन में ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री एन.बी. लोहानी, डॉ. ईलेश जैन, श्रीमती उषा बी. जैन, जयपुर से पधारीं गुरुदेव कि सुशिष्या सुश्री रमा बेन हरियाणी सहित देश के विभिन्न प्रांतों से आए हजारों गुरुभक्तों एवं सद्गुरु परिवार के सदस्यों की उपस्थिति रही।
सेठ अरविंदभाई मफतलाल जी की 15वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के प्रथम अध्यक्ष सेठ श्री अरविंदभाई मफतलाल जी की 15वीं पुण्यतिथि पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भावपूर्ण स्मरण किया। इस अवसर पर सभी ने चित्रकूट स्थित उनकी समाधि पर पहुँचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा ट्रस्ट की स्थापना, विकास एवं सेवा गतिविधियों के विस्तार में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। ट्रस्ट के प्रबंध ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. ईलेश जैन ने बताया कि परम पूज्य सद्गुरुदेव श्री रणछोड़दास जी महाराज का अवतरण दिवस प्रतिवर्ष कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता है। देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर चित्रकूट पहुँचते हैं। गुरुदेव की प्रेरणा से प्रारंभ हुई सेवा की यह परंपरा आज भी चिकित्सा, नेत्र सेवा एवं मानव कल्याण के विभिन्न कार्यों के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ रही है।
.jpeg)

No comments:
Post a Comment