एनपीके 2100 रुपये की खाद खरीदने को मजबूर किसान
डीएपी की मांग को लेकर किसानों ने उठाई आवाज
बांदा, के एस दुबे । विकासखंड जसपुरा के ग्राम पंचायत रामपुर स्थित सहकारी समिति में डीएपी खाद की उपलब्धता न होने से किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। समिति में इस समय 2100 रुपये की दर वाली एनपीके खाद का वितरण किया जा रहा है, जबकि किसान लंबे समय से डीएपी खाद का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि धान की फसल के समय से लेकर अब तक रामपुर न्याय पंचायत में एक बार भी डीएपी खाद का वितरण नहीं हुआ है। इससे किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
किसान जगदीश तिवारी ने बताया कि इस समय किसानों के लिए बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन रामपुर सोसाइटी में अभी तक डीएपी खाद उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने बताया कि इस समस्या से उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। वहीं कन्हैया तिवारी और पप्पू पांडे ने भी डीएपी खाद उपलब्ध न होने पर नाराजगी जताई।
किसान सुनील सिंह, प्रदीप सिंह, श्रीकांत तिवारी और मोहनलाल पांडे सहित अन्य किसानों ने कहा कि पूरा कृषि सीजन निकलने की कगार पर है, लेकिन रामपुर समिति में अभी तक डीएपी खाद नहीं पहुंची। वहीं मूल्लू वर्मा, अशोक सिंह, दीपक सिंह एवं सैकड़ों किसानों का कहना है कि रामपुर सोसाइटी में आज तक एक बार भी डीएपी खाद का वितरण नहीं किया गया है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
सचिव ने बताया जल्द आएगी डीएपी खाद
इस संबंध में समिति के सचिव श्रीराम द्विवेदी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि डीएपी खाद के लिए चेक काफी पहले लगा दिया गया था। पिछले 8 से 10 दिनों तक सचिवों का लखनऊ में धरना-प्रदर्शन चल रहा था। वहां से लौटने के बाद ऊपर से एनपीके खाद भेज दी गई, जिसका वितरण रामपुर समिति में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डीएपी के लिए दोबारा चेक लगाया गया है और संबंधित अधिकारियों की ओर से जल्द खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला है।
वहीं यूरिया खाद के वितरण को लेकर सचिव ने बताया कि धान के समय दो दिन तक जसपुरा से रामपुर के किसानों को यूरिया वितरित की गई थी। प्रत्येक किसान को आधार कार्ड और खतौनी के आधार पर पांच बोरी यूरिया दी गई। रामपुर समिति से यूरिया वितरण न होने के सवाल पर उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में रामपुर समिति तक ट्रक पहुंचने में परेशानी होती है, जिसके चलते जसपुरा से ही किसानों को खाद वितरित की गई। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि किसानों को समय पर डीएपी खाद कब उपलब्ध होगी? किसान प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग कर रहे हैं कि रामपुर समिति में तत्काल डीएपी खाद भेजी जाए, ताकि किसानों को खाद के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और उनकी फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।


No comments:
Post a Comment