भगवान की भक्ति और सत्संग से ही जीवन में मिलती है वास्तविक शांति- कृष्णनंदन महाराज - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, November 12, 2026

भगवान की भक्ति और सत्संग से ही जीवन में मिलती है वास्तविक शांति- कृष्णनंदन महाराज

श्रीमद्भागवत कथा का दूसरा दिन

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिला मुख्यालय के कछार पुरवा में चल रही श्री मद्भागवत कथा के दूसरे दिन कथा व्यास भागवताचार्य कृष्णनंदन महाराज ने भक्तों को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संदेश दिया। बताया कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य मार्गदर्शक है। इसके श्रवण मात्र से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और भगवान के प्रति श्रद्धा एवं भक्ति का भाव जागृत होता है। उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान का नाम स्मरण और सत्संग ही मानव जीवन को सार्थक बनाने का सरल माध्यम है। शुकदेव के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि सच्चा संत वही है, जो संसार के मोह-माया से ऊपर उठकर भगवान की भक्ति में लीन रहता है। शुकदेव का जीवन त्याग, वैराग्य और आध्यात्मिक ज्ञान का


अनुपम उदाहरण है। उनके जीवन से हमें सीख मिलती है कि मनुष्य को अहंकार और सांसारिक मोह का त्याग कर ईश्वर की शरण में जाना चाहिए। राजा परीक्षित के जन्म का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि जब अश्वत्थामा ने उत्तरा के गर्भ में पल रहे शिशु पर ब्रह्मास्त्र का प्रयोग किया, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कृपा से गर्भस्थ शिशु की रक्षा की। वही बालक आगे चलकर राजा परीक्षित कहलाए। यह प्रसंग भगवान की भक्तवत्सलता और अपने भक्तों की रक्षा करने की कृपा का प्रतीक है। इससे शिक्षा मिलती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी मनुष्य को भगवान पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को जीवन जीने की सही राह दिखाती है। इसके श्रवण से मन के विकार दूर होते हैं और मानव जीवन में प्रेम, दया, करुणा, विनम्रता तथा परोपकार जैसे सद्गुणों का विकास होता है। उन्होंने कहा कि धन, पद और प्रतिष्ठा जीवन में स्थायी सुख नहीं दे सकते, वास्तविक शांति भगवान के स्मरण और सत्कर्मों से ही प्राप्त होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें, माता-पिता एवं बुजुर्गों का सम्मान करें, जरूरतमंदों की सहायता करें और जीवन में सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलें।कथा के दौरान भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ कथा का रसपान किया। इस अवसर पर मुख्य यजमान राधेरमण पयासी, क्षेमवती, रामसूरत पयासी, सावित्री देवी, अनूप पयासी, वरिष्ठ पत्रकार निरंजन मिश्र, सुनील पयासी, लवकुश पयासी आदि मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages