भाजपा जिलाध्यक्ष ने पार्टी नेताओं के साथ लगाई कामदगिरि की परिक्रमा
चित्रकूट ब्यूरो, सुखेन्द्र अग्रहरि : पाकिस्तान के हौसले पस्त करने में जुटी भारतीय सेना के उत्साहवर्द्धन एवं सेना के जवानों के दीर्घायु होने की कामना को लेकर शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कामदगिरि की परिक्रमा की। इस दौरान आतंकवाद और आतंकवाद को संरक्षण देने वालों के समूल नाश की कामना की गई। शुक्रवार की शाम भाजपा नेताओं के साथ कामदगिरि परिक्रमा पूरी करने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश मन भूमि से रण भूमि तक पाकिस्तान की हर कोशिश को नाकाम कर रहा है। भारतीय सेना पाकिस्तान के हर हमले का उचित जवाब दे रही है। आतंकवादियों द्वारा कुछ दिन पूर्व पहलगाम में बेकसूर लोगों की हत्या का बदला आपरेशन सिंदूर के जरिए लिया गया है। जिसमें बड़े पैमाने पर आतंकियों का खात्मा हुआ है। इससे बौखलाकर पाकिस्तानी सेना जम्मू काश्मीर के बेकसूर लोगों को निशाना बना रही है। ऐसे में भारतीय सैनिकों ने बहादुरी का
परिचय देते हुए पाकिस्तान की नापाक हरकतों को नाकाम कर दिया है। यह पीएम मोदी के नेतृत्व वाला नया भारत है। जिसने संदेश दिया है कि हम शांति चाहते है, लेकिन कोई हमारी शांति भंग करेगा, तो उसे शिव तांडव भी दिखाएंगे। जिला मंत्री मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य देश के लिए सीमा पर जंग लड़ रहे भारतीय सैनिकों का हौसला बढ़ाना और उनकी लम्बी आयु की कामना करना है। इस मौके पर पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी, चंद्र प्रकाश खरे, जिला उपाध्यक्ष हरीओम करवरिया, जिला महामंत्री आलोक पाण्डेय, जिला मंत्री राजेश्वरी द्विवेदी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विकास मिश्रा हीरो, जिला पंचायत सदस्य दशरथ प्रजापति, ऐंचवारा मंडल अध्यक्ष श्रवण पटेल, उपाध्यक्ष मंजीत सिंह, भाजयुमो महामंत्री मोहित मिश्रा आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment