Pages

Sunday, June 29, 2025

कुरीतियों से बाहर निकलें, तेरहवीं संस्कार पर कम खर्च करें

करतल स्थित इंटर कॉलेज में पटेल समाज की आयोजित हुई बैठक

बांदा, के एस दुबे । सरदार वल्लभभाई पटेल सेवा संस्थान द्वारा पटेल समाज में सामाजिक चेतना जागृत करने के लिए धार्मिक आस्था और रीतिरिवाज के नाम पर समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया। कई महीनो से चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को करतल में स्थित शंकर पार्वती इंटर कॉलेज में स्वजातीय लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इसमें लगभग 20 गांव के स्वजातीय लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता कई बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके शंकर पार्वती इंटर कॉलेज के प्रबंधक रामलखन सिंह पटेल ने की। भारत का एकीकरण करने वाले लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और बहुजन नायक छत्रपति शाहूजी महाराज की प्रतिमा में पुष्पांजलि अर्पित कर उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों को नमन किया। बैठक को संबोधित

पटेल समाज की बैठक में मौजूद पदाधिकारी व अन्य।

करते हुए संस्थान के अध्यक्ष मुंगी प्रसाद पटेल ने कहा कि हमारा समाज तभी आत्मनिर्भर बनेगा जब हम तेरहवीं संस्कार (मृतक भोज) जैसे कार्यक्रमों को कम खर्चीला कर इसे मितव्ययिता के आधार पर करते हुए बची हुई धनराशि को अपने परिवार व समाज के बच्चों की पढ़ाई लिखाई और उनके स्वास्थ्य व उनके विकास पर खर्च करें, इससे हमारा समाज आत्मनिर्भर बनकर विकसित भारत का निर्माण करेगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए महामंत्री विजय राम पटेल ने कहा कि संस्थान की स्थापना के वर्षों बाद पहली बार पूरे जिले में संस्थान की क्षेत्रीय व ग्रामीण इकाइयों का गठन किया जा रहा है, जो संस्थान व समाज के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। शिक्षक जगदीश प्रसाद पटेल ने मृतक की याद में फलदार वृक्षारोपण कर पर्यावरण को बचाने की अपील की। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता राममिलन सिंह पटेल ने आरक्षण के जनक छत्रपति शाहूजी महाराज की 151वीं जयंती के अवसर पर महान मराठा छत्रप को नमन करते हुए कहा की छत्रपति शाहू जी महाराज की जीवन गाथा संघर्ष, साहस, न्याय, धैर्य, दूरदर्शिता और क्षमा का अनुपम संगम था। उन्होंने सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया उन्होंने बाल विवाह और छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। निसंदेह वह पिलर ऑफ़ द डेमोक्रेसी थे। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य रोहित सिंह पटेल, रामनरेश सिंह पटेल, भैयालाल पटेल, अरविंद मोहन मास्टर साहब, सुरेंद्रमोहन मास्टर साहब, पूर्व अपर कृषि अधिकारी छेदी प्रसाद पटेल, राज किशोर उर्फ राजू रनखेड़ा, पूर्व प्रधान शिवशरण सिंह पटेल आदि सैकड़ो स्वजातिय लोग उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment