बबेरू/बांदा, के एस दुबे । बबेरू तहसील अंतर्गत कोर्रही गांव के मोहल्ला तिकैत वार्ड नंबर 13 में गंदे कुएं की सफाई और मरम्मत न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्राम पंचायत सदस्य डॉ. गुलाम अहमद रज़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समस्या को लेकर करीब चार बार ग्राम प्रधान और सचिव को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने बताया कि कुएं की सफाई की सूचना ग्राम प्रधान के कार्य रजिस्टर में भी दर्ज कराई गई है, इसके बावजूद सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। वर्तमान में कुआं कचरे से लबालब भरा हुआ है, जिससे पूरे मोहल्ले के लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इसी कुएं के पानी का उपयोग पीने से लेकर खाना बनाने तक किया जाता है। ऐसे में गंदे पानी के कारण कभी भी संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं। गौरतलब है कि जिलाधिकारी अमित आसेरी ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी अधिकारियों और ग्राम सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जहां भी पानी की समस्या हो, उसका तत्काल समाधान किया जाए। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कुएं की सफाई और मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि उन्हें स्वच्छ पेयजल मिल सके और संभावित बीमारियों से बचाव हो सके।


No comments:
Post a Comment