तपिश में तप रहे नौनिहाल, स्कूल से लौटते-लौटते हो रहे लाल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, April 28, 2026

तपिश में तप रहे नौनिहाल, स्कूल से लौटते-लौटते हो रहे लाल

दोपहर के समय मार्गों पर पसर जाता सन्नाता

इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी भीषण गर्मी से बेहाल

फतेहपुर, मो शमशाद । अप्रैल खत्म होने से पहले ही जिले में गर्मी ने अपने तेवर इतने तीखे कर दिए हैं कि जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो उठा है। मंगलवार को पारा 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जबकि दोपहर के समय लू के थपेड़े लोगों को झुलसाने लगे। मौसम के मौजूदा पूर्वानुमान में भी फतेहपुर में 41 डिग्री से ऊपर तापमान बने रहने और आने वाले दिनों में और बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों पर देखने को मिल रहा है। सुबह हल्की मुस्कान और स्कूल बैग के साथ घर से निकलने वाले बच्चे जब दोपहर साढ़े बारह बजे छुट्टी के बाद लौटते हैं तो उनके चेहरे मुरझाए होते हैं, आंखों में थकान साफ दिखती है और तेज धूप के कारण कई बच्चों के चेहरे लाल पड़ जाते हैं। तपती सड़कों और

धूप से बचने के लिए दुपट्टे से सिर ढके स्कूली छात्राएं।

झुलसाती हवाओं के बीच घर पहुंचते-पहुंचते उनकी हालत बेहाल हो जाती है। शासन के निर्देश पर जिले के सभी विद्यालयों का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक कर दिया गया है, ताकि बच्चों को कुछ राहत मिल सके, लेकिन सूरज की तल्खी ऐसी है कि दोपहर होते-होते सड़कें आग उगलने लगती हैं। स्कूलों से निकलने के समय तेज धूप सिर पर पड़ती है और गर्म हवाएं बच्चों की मुश्किलें और बढ़ा देती हैं। अभिभावकों का कहना है कि सुबह तो किसी तरह बच्चे स्कूल चले जाते हैं, लेकिन वापसी में उन्हें देख कर दया आती है। कई अभिभावक इस भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजने से कतरा रहे हैं, लेकिन कुछ निजी व सहायता प्राप्त विद्यालयों में टेस्ट और परीक्षाएं शुरू होने के कारण उन्हें मजबूरी में बच्चों को भेजना पड़ रहा है। माता-पिता का कहना है कि पढ़ाई जरूरी है, मगर जिस तरह की गर्मी पड़ रही है उसमें बच्चों का स्वास्थ्य ज्यादा चिंता का विषय बन गया है। दोपहर बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर भी सन्नाटा पसरा नजर आता है। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी इस झुलसाती गर्मी से बेहाल हैं। पेड़ों की छांव में बैठे मवेशी और पानी की तलाश में भटकते पक्षी गर्मी की भयावहता बयां कर रहे हैं। मौसम जानकारों का कहना है कि अभी अगले कुछ दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। ऐसे में जिलेवासियों को फिलहाल लू और तेज धूप का सामना करना पड़ेगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages