पीने के पानी तक का नहीं है गेहूं क्रय केन्द्रों में पुख्ता इन्तजाम
बांदा, के एस दुबे । गेहूं क्रय केन्द्रों की खस्ता हालत और किसानों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की खबरों को सुनने के बाद आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने राजकीय खा़द्य गोदाम ओर मंडी समिति पहुंचकर किसानों की स्थिति को जाना और किसानों की समस्याओं का निस्तारण किये जाने के लिये आश्वस्त किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में उनके प्रतिनिधि मंडल ने आज दोपहर 12 बजे मुख्यालय स्थित मंडी समिति एवं राजकीय खाद्य गोदाम प्राइवेट बस स्टैंड के पास पहुंचकर गेहूं क्रय केन्द्रों की हालत देखी एवं पवन कुमार सिंह- एजी टेक्निकल मंडी समिति, व किसान राकेश सिंह ग्राम जारी, किसान आशीष यादव ग्राम जारी, किसान दीपक यादव ग्राम लामा, किसान धीरेन्द्र पांडेय धीरू ग्राम पादरसपुर आदि किसानों से वार्ता की। राजेश दीक्षित एवं उनके कांग्रेस प्रतिनिधि
मंडल को किसानों ने बतलाया कि भीषण गर्मी में सुबह से भूखे-प्यासे हम लोग लाइन में लगे हैं, भयंकर गर्मी में दोपहर की तपती धूप में झुलस रहे हैं, अभी नम्बर आने की उम्मीद नहीं है, यहां पर पेयजल का आभाव है, धूप से बचाव का कोई इंतजाम नहीं है, न ही किसानों के लिए सुलभ शौचायलयों की कोई व्यवस्था है, किसान लाइन में दिनभर लगे रहते हैं, नम्बर नहीं आता है तो मायूस होकर भूखे-प्यासे शाम को घर लौट जाते हैं, एक दो आदमी अपने ट्रैक्टर के पास छोड़ जाते हैं, पुनः दूसरे दिन आना पड़ता है, सरकार हम किसानों को जानवरों से भी ज्यादा बदतर मानती है, इसलिए हमारे लिए 45 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी व तपती धूप में पीने के पानी तक का कोई इंतजाम नहीं है। पहले कहा जाता रहा की बोरो का आभाव है कैसे खरीदें, अब शायद बोरे उपलब्ध होने की उम्मीद हुई है लेकिन गोदाम खाली नहीं है जिससे सस्ते दामों में गेहूं प्राइवेट खरीददारों को बेचना पड़ रहा है। किसान हर हालत में शोषण का शिकार हो रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित एवं उनके प्रतिनिधि मंडल के जिला महासचिव कालीचरण निगम व शोएब रिजवी एवं कंट्रोल रूम प्रभारी बी लाल भाई, एवं बांदा कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सन्तोष कुमार द्विवेदी ने किसानों को आश्वस्त किया कि वह सरकार व जिला प्रशासन जिलाधिकारी बांदा को इस समस्या से अवगत कराएंगे।


No comments:
Post a Comment