बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प को बांदा में नई रफ्तार मिल रही है। जिले की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के तहत अतर्रा-चौसड़-ओरन मार्ग का सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, अतर्रा-चौसड़-ओरन मार्ग को अत्याधुनिक और गड्ढामुक्त बनाने के लिए शासन द्वारा 36.04 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है। अब तक परियोजना का लगभग 74 प्रतिशत निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।स्वीकृत बजट में से 18.78 करोड़ रुपये के कार्य धरातल पर मुकम्मल हो चुके हैं।शासन ने इस परियोजना को 12 जुलाई, 2026
तक शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों ने बताया कि मार्ग पर चौनेज 0.00 से लेकर 18.800 तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम बेहद तेजी से चल रहा है। समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के लिए निर्माण स्थल पर दिन-रात काम कराया जा रहा है। इस मार्ग के अत्याधुनिक होने से अतर्रा, चौसड़ और ओरन क्षेत्र के दर्जनों गांवों की कनेक्टिविटी न केवल जिला मुख्यालय, बल्कि पड़ोसी जनपदों से भी सुगम हो जाएगी। ईंधन और समय की बचतरू चमचमाती सड़क से राहगीरों को धूल और गड्ढों से निजात मिलेगी। स्थानीय व्यापारियों और किसानों का मानना है कि बेहतर सड़कों से कृषि उपजों को मंडियों तक ले जाना आसान होगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सड़क की सुधरती सूरत देखकर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में खुशी की लहर है। वर्षों से उपेक्षित इस मार्ग के जीर्णाेद्धार के लिए जनता योगी सरकार की नीतियों की सराहना कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सुगम और सुरक्षित सफर से क्षेत्र के विकास को नए पंख लगेंगे।


No comments:
Post a Comment