लापरवाही मिलने पर सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि व बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जनपद में गौवंश संरक्षण एवं उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुपालन में शनिवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने मंडौर स्थित वृहद गौवंश आश्रय स्थल (गौशाला) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत दयनीय पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए शासकीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) को तत्काल ’प्रतिकूल प्रविष्टि’ देने तथा संबंधित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ’कारण बताओ नोटिस’ जारी करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही विगत दिनों आई आंधी के कारण क्षतिग्रस्त हुए शेड को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि गोवंश
को धूप और मौसम की मार से बचाया जा सके। पशुओं को प्राकृतिक छाया उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम ने गौशाला परिसर में वृहद पौधरोपण कराने को कहा। साथ ही पौधों की सुरक्षा के दृष्टिगत उनके चारों ओर करौंदा और बेरी जैसी कंटीली झाड़ियों की फेंसिंग (बाड़) लगाने के निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान खंड विकास अधिकारी ने बताया कि पशुओं के लिए सोलर पैनल कनेक्शन के माध्यम से जल की व्यवस्था की जा रही है। डीएम ने परिसर में स्थापित सभी 16 सोलर लाइटों को तत्काल क्रियाशील करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से गौशाला में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी सघन अवलोकन किया तथा उन्हें निरंतर चालू रखने के निर्देश दिए। कहा कि गौवंशों को समय पर चारा, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधा मिलना सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्पष्ट किया गौवंश आश्रय स्थलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही अक्षम्य होगी।
.jpg)

No comments:
Post a Comment