ओवरलोडिंग बंद न हुई तो भाजपाई करेंगे आंदोलन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, May 8, 2026

ओवरलोडिंग बंद न हुई तो भाजपाई करेंगे आंदोलन

ओवरलोडिंग के खिलाफ पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर, मो शमशाद । नगर पंचायत असोथर में आयोजित भव्य स्वागत समारोह कार्यक्रम के दौरान पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति के समक्ष भाजपा असोथर मंडल की टीम ने ओवरलोड एवं ओवर स्पीड वाहनों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मंच संचालन मंडल महामंत्री साहिल शर्मा ने किया। जिन्होंने मंच से ही क्षेत्र की जनता की पीड़ा को विस्तारपूर्वक रखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष को असोथर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। मंडल अध्यक्ष राम महेश निषाद के नेतृत्व में मंडल महामंत्री साहिल शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष विनोद भारती, लखन निषाद, शिवम अवस्थी, सेक्टर अध्यक्ष माखन निषाद, सभासद मोनू ठाकुर, आशीष अग्रहरि, सेक्टर अध्यक्ष देव शरण सिंह, राकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में

राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते भाजपाई।

कहा कि बांदा जनपद के मर्का क्षेत्र से निकलने वाले ओवरलोड मोरम वाहनों ने असोथर क्षेत्र की सड़कों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। मंडल टीम ने बताया कि यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि लंबे समय से लगातार प्रशासन को इस विषय में अवगत कराया जा रहा है। इससे पूर्व भी तत्कालीन जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाए जाने की मांग की गई थी। इसके बाद वर्तमान जिलाधिकारी को भी दो बार अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन लगातार शिकायतों और जनआक्रोश के बावजूद अब तक कोई संतोषजनक एवं स्थायी कार्यवाही नहीं हो सकी है। कहा कि असोथर से थरियांव मार्ग की हालत अत्यंत दयनीय हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। भारी वाहनों की कंपन से सड़कें टूट चुकी हैं तथा राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। बरसात के समय यह स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। साहिल शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति को मौखिक रूप से पूरी समस्या बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि स्थायी समाधान चाहती है। भाजपा मंडल टीम ने शिकायती पत्र सौंपते हुए प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की और मांग की कि ओवरलोड एवं ओवर स्पीड वाहनों पर तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई करते हुए पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए। मंडल अध्यक्ष राम महेश निषाद ने कहा कि यदि प्रशासन जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाता है तो क्षेत्र की जनता के हित में आगे व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages