दो गांजा तस्करों को पुलिस ने दबोचा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, May 7, 2026

दो गांजा तस्करों को पुलिस ने दबोचा

आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल

जसपुरा/बांदा, के एस दुबे  । थाना जसपुरा पुलिस ने देर रात चेकिंग अभियान के दौरान मुठभेड़ के बाद दो शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 150 ग्राम अवैध सूखा गांजा, दो तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।प्रभारी निरीक्षक ऋषिदेव सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात पुलिस टीम कस्बा जसपुरा के गौरीकला मोड़ पर गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध गांजे की खेप लेकर रामपुर


चौराहा की ओर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रामपुर चौराहा के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद गौरीकला मार्ग की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो बाइक सवार भागने लगे और मोटरसाइकिल सहित गिर पड़े। आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नीलेश सिंह पुत्र स्व. सदाशिव सिंह व भोला सिंह पुत्र चुन्नू सिंह निवासी ग्राम गरौती थाना तिंदवारी जनपद बांदा बताए। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक देशी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद हुई। वहीं प्लास्टिक के बोरे में रखे गांजे का वजन इलेक्ट्रॉनिक तराजू से कराने पर 5 किलो 150 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे हमीरपुर और बांदा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गांजे की तस्करी करते थे तथा मोटरसाइकिल संख्या यूपी90 एल 4924 का इस्तेमाल अवैध कारोबार में करते थे। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। थाना जसपुरा में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 109 बीएनएस, 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अवधेश कुमार शुक्ला को सौंपी गई है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages