बांदा, के एस दुबे । जनपद के तिंदवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बबेरू रोड पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब सिराथू विधायक पल्लवी पटेल के काफिले में शामिल एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। सिराथू विधायक पल्लवी पटेल का काफिला आज बबेरू रोड से होकर एक जनसभा में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान तिंदवारी थाना क्षेत्र में काफिले में शामिल एक स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खंती में जा गिरी। कार के गिरते ही पीछे चल रहे वाहनों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर
लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के तुरंत बाद विधायक पल्लवी पटेल ने अपना काफिला रुकवाया और गाड़ी से नीचे उतरकर घायलों का हालचाल जाना। आनन-फानन में तीनों घायलों को दूसरी गाड़ी की मदद से नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। दिनदहाड़े हुए इस हादसे की खबर फैलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। प्राथमिक उपचार के बाद काफिला गंतव्य की ओर रवाना हो गया।

No comments:
Post a Comment