लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र व चेक
उत्तर प्रदेश, उन्नाव। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत डीह स्थित भवानीखेड़ा चौराहा, इंदुखेड़ा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनपद उन्नाव को 570.32 करोड़ रुपये की लागत वाली 101 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही अनेक सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, स्मार्टफोन और अन्य सहायता सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने कृषि, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, उद्योग एवं उद्यमिता विकास, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर उन्होंने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सदर एवं भगवंत नगर विधानसभा क्षेत्रों में कुल 570.32 करोड़ रुपये की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 378.40 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 191.92 करोड़ रुपये की 82 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। सदर विधानसभा में 483.98 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं तथा भगवंत नगर विधानसभा में 86.34 करोड़ रुपये की 57 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृषक दुर्घटना बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, पंचायत कल्याण कोष, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, दिव्यांग पेंशन तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए। साथ ही आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और लाभार्थियों को स्मार्टफोन भी प्रदान किए गए।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव को अध्यात्म, साहित्य और क्रांति की भूमि बताते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा रामबख्श सिंह एवं वीर गुलाब सिंह लोधी के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उन्नाव में विकास की प्रत्येक योजना तेजी से लागू की जा रही है और जनपद की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है। गंगा एक्सप्रेसवे, प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा नए पुलों के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा को केंद्र में रखकर योजनाएं संचालित कर रही है तथा बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) में शामिल किया गया है। उन्होंने लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल परियोजना की संभावना का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सांसद साक्षी महाराज, विधायक पंकज गुप्ता, श्रीकांत कटियार, बंबालाल दिवाकर, बृजेश कुमार, आशुतोष शुक्ला, अनिल कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, भानू,जिलाधिकारी धनश्याम मीना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment