प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने गला दबाकर ली बहन की जान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 13, 2026

प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने गला दबाकर ली बहन की जान

शव कुएं में फेंक खुद पहुंचा पुलिस चौकी

फतेहपुर, मो शमशाद । थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा चैकी इलाके में शनिवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रेम प्रसंग को लेकर नाराज एक भाई ने अपनी ही बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंकने के बाद खुद पुलिस चैकी पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक हसवा चैकी पर शनिवार की सुबह संदीप यादव पहुंचा और उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन की हत्या कर दी है। युवक की बात सुनकर पुलिस कर्मी हैरान रह गए। आरोपी ने बताया कि वह अपनी बहन को उसके ससुराल से मायके लाने गया था और रास्ते में उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी तथा शव को एक कुएं में फेंक दिया। सूचना मिलते ही थरियांव पुलिस ने तत्काल

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस बल। 

युवती के परिजनों को साथ लेकर आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने कुएं से युवती का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। जांच में सामने आया है कि मृतका की शादी करीब डेढ़ माह पूर्व राधानगर थाना क्षेत्र में हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी से पहले उसका दूसरे समुदाय के एक युवक से प्रेम संबंध था और वह एक बार उसके साथ घर छोड़कर भी चली गई थी। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था। आरोपी भाई को आशंका थी कि उसकी बहन दोबारा अपने प्रेमी के साथ चली जा सकती है। पुलिस के अनुसार संदीप अहमदाबाद में रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था। वह अपनी बहन को ससुराल से लेकर मायके आ रहा था। रास्ते में दोनों के बीच बातचीत और कहासुनी हुई। इसी दौरान जब बहन उसकी बात मानने को तैयार नहीं हुई तो उसने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया। मौत होने के बाद आरोपी ने शव को पास के एक कुएं में फेंक दिया और सीधे पुलिस चैकी पहुंचकर पूरी वारदात बता दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है तथा एक बार फिर तथाकथित पारिवारिक सम्मान के नाम पर होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages