पॉक्सो एक्ट के विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, June 12, 2026

पॉक्सो एक्ट के विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

बांदा, के एस दुबे । जिला मंडल कारागार से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बंद एक विचाराधीन कैदी ने जेल परिसर के अंदर ही फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में जेल अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बंदी की पहचान अभिषेक सिंह उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है, जो जनपद के अतर्रा थाना क्षेत्र के अरखन पुरवा का निवासी था। यह आत्मघाती घटना बृहस्पतिवार की रात की बताई जा रही है। अभिषेक ने कारागार परिसर के भीतर स्थित गैस गोदाम के अंदर अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।


रात में जब जेल प्रहरियों और प्रशासन को इसकी भनक लगी, तो हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन के रिकॉर्ड के मुताबिक, मृतक अभिषेक सिंह को इसी साल 11 मार्च 2026 को पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जिला कारागार में निरुद्ध  किया गया था। तब से वह जेल में ही निरुद्ध था और मामले की अदालती सुनवाई चल रही थी।

जेल जैसे अति-सुरक्षित और संवेदनशील परिसर के अंदर एक कैदी द्वारा फंदा लगाकर जान दे देने की इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रहरियों की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जेलर के अनुसार, विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल, जेल प्रशासन और संबंधित अधिकारी इस बात की गहनता से जांच कर रहे हैं कि कैदी गैस गोदाम तक कैसे पहुंचा और उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages