बांदा में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, June 12, 2026

बांदा में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़

भारी मात्रा में माल व उपकरण बरामद, आरोपी गिरफ्तार

बांदा, के एस दुबे । जनपद में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। शहर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रब्बानियां मोहल्ले में चल रही एक अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में निर्मित व अर्ध-निर्मित गुटखा, तंबाकू और नामी कंपनियों के रैपर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री चला रहे आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई इस छापामार कार्रवाई में करीब 2 लाख रुपये कीमत का निर्मित और अर्ध-निर्मित गुटखा बरामद किया गया है। इसके अलावा कारखाने से 175 किलोग्राम सुपारी, चार बोरी तैयार गुटखा और भारी मात्रा में तंबाकू जब्त की गई है।


जांच में सामने आया है कि आरोपी इस अवैध फैक्ट्री में मिलावटी और घटिया सामग्री से गुटखा तैयार करता था। इसके बाद वह बाजार में पकड़ बनाए रखने और मोटी कमाई करने के लिए इस अवैध गुटखे को अलग-अलग नामी कंपनियों के नकली रैपरों में पैक करता था और शहर व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। यह पूरा मामला बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र के रब्बानियां मोहल्ले का है, जहां घनी आबादी के बीच गुटखा बनाने का यह अवैध कारोबार काफी समय से फल-फूल रहा था। पुलिस की इस तत्परता और बड़ी कार्रवाई से अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार करने वाले माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages