जिंदपुर टोल प्लाजा बना अवैध वसूली का अड्डा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, June 12, 2026

जिंदपुर टोल प्लाजा बना अवैध वसूली का अड्डा

मौरंग लदे ओवरलोड वाहनों से वसूली का वीडियो वायरल

फतेहपुर, मो शमशाद । ललौली थाना क्षेत्र स्थित बांदा-सागर रोड पर बने जिंदपुर टोल प्लाजा पर अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि टोल प्लाजा के कर्मचारी मौरंग लदे ओवरलोड वाहनों से खुलेआम धन उगाही कर उन्हें बिना किसी रोक-टोक के आगे जाने दे रहे हैं। इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर टोल कर्मी वाहन चालकों से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जिंदपुर टोल प्लाजा से प्रतिदिन सैकड़ों ओवरलोड मौरंग लदे ट्रक और डंपर गुजरते हैं। आरोप है कि नियमों का पालन कराने के बजाय कुछ कर्मचारी वाहनों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त अवैध रकम लेकर उन्हें आगे रवाना कर देते हैं। इससे न केवल शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है बल्कि सड़क सुरक्षा और परिवहन

 जिंदपुर टोल प्लाजा बना अवैध वसूली का अड्डा

नियमों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि ओवरलोड वाहनों को निकालने की जानकारी परिवहन विभाग की टीम को भी नहीं दी जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में ओवरलोड वाहन किसके संरक्षण में सड़क पर दौड़ रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कों की स्थिति खराब हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर रहे हैं। हालांकि वीडियो की समाचार पत्र पुष्टि नहीं करता है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एआरटीओ विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में अवैध वसूली अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages