देवेश प्रताप सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश झांसी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में आज एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। नगर निगम झांसी द्वारा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय गेट नम्बर-1 से एसबीआई बैंक तक आइकोनिक रोड के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में माननीय महापौर झांसी नगर निगम श्री विहारी लाल आर्या, विधायकगण रवि शर्मा, रामतीर्थ सिंघल, श्रीमती रमा निरंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
महापौर विहारी लाल आर्या ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है तथा बाहर खाने-पीने के बाद कचरा सदैव कूड़ेदान में ही डालना चाहिए। स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का यह प्रेरणादायक उदाहरण समाज को सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से ही झांसी को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है। हाथों में झाड़ू और मन में स्वच्छता का संकल्प लिए सभी प्रतिभागियों ने श्रमदान कर क्षेत्र की साफ-सफाई की। साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए यह संदेश दिया गया कि एक स्वच्छ शहर की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है।
अभियान के दौरान युवाओं का उत्साह और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही। सभी ने एक स्वर में “स्वच्छ झांसी, विकसित झांसी” के निर्माण का संकल्प लिया। नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राना ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों का कचरा गीला एवं सूखा अलग-अलग कर नगर निगम की डोर-टू-डोर गाड़ियों को ही दें तथा बाजार जाते समय जूट, कपड़े अथवा पेपर बैग का उपयोग करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी झांसी श्री गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी श्री रमेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़, नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राना, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्किल्ड इंडिया सोसाइटी के डी.डी.यू.-जी.के.बी.वाई. के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


No comments:
Post a Comment