किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, सीडीओ ने समाधान के दिए निर्देश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, June 17, 2026

किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, सीडीओ ने समाधान के दिए निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । कृषि भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों ने बिजली, सिंचाई, उर्वरक उपलब्धता, डीजल आपूर्ति और फसल विपणन से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन करते हुए उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी तथा किसानों को खरीफ सत्र के लिए बीज उपलब्धता, कृषि निवेश और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील करते हुए अन्य किसानों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही 19 एवं 20 जून को आयोजित होने वाली प्राकृतिक खेती कार्यशाला में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने का अनुरोध किया। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने

किसान दिवस में सुनवाई करते सीडीओ पवन कुमार मीना।

उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य एवं प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना, मुख्यमंत्री फल उद्यान योजना, आरकेवीवाई तथा एकीकृत बागवानी मिशन की जानकारी देते हुए किसानों को उपलब्ध अनुदान और लाभों से अवगत कराया। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने बताया कि खरीफ सत्र के लिए जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और समितियों के माध्यम से नियमानुसार वितरण कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदने तथा अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. जगदीश किशोर ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, कीट नियंत्रण एवं नवीन कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। किसानों ने बैठक में नियमित विद्युत आपूर्ति, जर्जर तारों के परिवर्तन, लंबित नलकूप कनेक्शनों की सामग्री उपलब्ध कराने, नहरों में निरंतर पानी छोड़ने, समितियों में रोस्टर के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराने तथा डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। सीडीओ ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराने की अपील की। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण करें, शिकायतकर्ता को बुलाकर समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ भारतीय किसान यूनियन, किसान संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages