तिंदवारी /बांदा, के एस दुबे । बांदा-फतेहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने गिट्टी लदे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोबा जनपद के गंज महोबा निवासी राजेंद्र (42 वर्ष) पुत्र मुलायम बुधवार की सुबह कबरई से ट्रक में गिट्टी
लादकर फतेहपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही उसका ट्रक तिंदवारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बांदा-फतेहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सैमरी नाले के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। वहीं, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से भागने में सफल रहा।


No comments:
Post a Comment