बारात में हर्ष फायरिंगः एक की मौत, चार घायल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, June 22, 2026

बारात में हर्ष फायरिंगः एक की मौत, चार घायल

ड्रोन पर निशाना साधने के दौरान चली गोली

शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

फतेहपुर, मो शमशाद । गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लमेहटा में रविवार देर रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब बारात में की गई हर्ष फायरिंग जानलेवा साबित हो गई। लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से चली गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। जानकारी के अनुसार रात करीब 12ः30 बजे डायल-112 को बारात में फायरिंग होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। घायलों में धीरज केवट (50) निवासी औगासी, थाना मरका, जनपद बांदा की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक

घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक

अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पास के गांव का सुमित तिवारी उर्फ पप्पू तिवारी अपनी लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक लेकर बारात में पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह ड्रोन की ओर बंदूक तानकर फायर करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान लोगों द्वारा रोकने पर जब वह बंदूक नीचे कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली लगने से पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। परिजनों और बारातियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है तथा दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages