महंगाई, बेरोजगारी व बुलडोजर पर सपा का हल्लाबोल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 20, 2026

महंगाई, बेरोजगारी व बुलडोजर पर सपा का हल्लाबोल

राष्ट्रपति के नाम भेज सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर, मो शमशाद । समाजवादी पार्टी ने शनिवार को महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों सपाइयों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। घरेलू उपयोग की वस्तुओं के दाम आम जनता की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं, जबकि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं। नेताओं ने कहा कि धर्म और जाति की राजनीति के जरिए जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में जाति और धर्म के आधार पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है, जिससे समाज में भय और असंतोष का माहौल बन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनकाउंटर और हाफ एनकाउंटर के नाम पर लोगों

कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सपाई

को निशाना बनाया जा रहा है और सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए सांप्रदायिक और जातीय उन्माद को बढ़ावा दे रही है। सपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर तत्काल रोक लगाने, खाद, उर्वरक और बीजों के बढ़े दामों पर नियंत्रण करने तथा खरीफ सीजन से पहले किसानों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने, प्रस्तावित बढ़ोतरी रोकने और किसानों को कम से कम 20 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी ढंग से आयोजित कराने, निरस्त परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को यात्रा एवं आवास भत्ता देने, मर्जर के नाम पर बंद किए गए विद्यालयों को पुनः संचालित करने तथा पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और जनजाति के आरक्षण में कथित गड़बड़ियों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। सपा नेताओं ने महिला अपराधों में बढ़ोतरी पर चिंता जताते हुए प्रभावी रोकथाम की मांग की। साथ ही राजनीतिक विरोधियों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों, फर्जी मुठभेड़ों और बुलडोजर कार्रवाई की सेवानिवृत्त सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय जांच कराने तथा प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में सदर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी, हुसैनगंज विधायक उषा मौर्य, राजकुमार मौर्य, पूर्व सांसद डॉक्टर अशोक पटेल, संतोष द्विवेदी, चैधरी मंजर, जगदीश सिंह चैहान, महेंद्र बहादुर सिंह बच्चा, जंगबहादुर सिंह मखालू, अरुणेश पाण्डेय, वंदना राकेश शुक्ला, प्रदीप सोनकर, गार्गीदीन बाजपेयी, संदीप कुमार श्रीमाली, महेन्द्र निषाद, आशीष नामदेव, प्रमोद यादव, अमित मौर्य, मोहम्मद आजम खान, अंकित सिंह यादव, रईस अहमद, नागेन्द्र सिंह, रत्नेश रत्ना, कपिल यादव, कुश वर्मा, लवकुश, शिवसरन सिंह यादव, विनोद शुक्ला, रीता प्रजापति, नरेश उमराव, बीरेन्द्र यादव, प्रवीण पटेल, नन्दकिशोर पाल, नफीसा बानो, दलजीत निषाद, रविकरण सिंह और संगीता राज पासी सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages