केन नदी में अवैध खनन का आरोप, कार्रवाई न होने पर आमरण अनशन की दी चेतावनी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, June 12, 2026

केन नदी में अवैध खनन का आरोप, कार्रवाई न होने पर आमरण अनशन की दी चेतावनी

कोतवाली नगर पुलिस के संरक्षण में अवैध खनन का आरोप 

बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए.एस. नोमानी ने जनपद में ट्रैक्टरों के माध्यम से हो रहे कथित अवैध बालू खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। शुक्रवार को मीडिया को संबोधित करते हुए नोमानी ने आरोप लगाया कि केन नदी में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया जा रहा है। उनका दावा है कि प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रैक्टरों के जरिए अवैध रूप से बालू का खनन और परिवहन किया जाता है। उन्होंने बताया कि यह परिवहन नगर कोतवाली क्षेत्र के बलखंडी नाका चौकी स्थित कर्बला रोड से होकर गुजरता है। नोमानी ने कहा कि रात के समय ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों


में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। साथ ही अवैध खनन और परिवहन से बाढ़ सुरक्षा के लिए निर्मित तटबंध को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है, जो भविष्य में शहरवासियों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शहर में अवैध बालू से लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कटरा, बलखंडी नाका चौराहा, पद्माकर चौराहा, किरण कॉलेज चौराहा, पीली कोठी और स्टेशन रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से कराई जा सकती है। बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनहित में आमरण अनशन एवं धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages