पीजीटी परीक्षा केंद्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 14, 2026

पीजीटी परीक्षा केंद्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था की कसी नकेल, दिए निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (पीजीटी) प्रारंभिक परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पीजीटी परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण करते डीएम व एसपी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुस्लिम इंटर कॉलेज एवं राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन चेकिंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली तथा परीक्षा कक्षों की निगरानी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। साथ ही निर्देश दिए गए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पीजीटी प्रारंभिक परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages