बांदा, के एस दुबे । जनपद के ग्राम पंचायत परसौली में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में भारी अनियमितता और राशन न बांटने का एक बड़ा मामला सामने आया है। बुधवार को जनता दल की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बांदा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कोटेदार पर गरीबों के राशन पर डाका डालने का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच और उचित दर विक्रेता को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया कि परसौली ग्राम पंचायत में बड़ी संख्या में पात्र राशन कार्डधारकों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठे तो लगवा लिए गए और रिकॉर्ड में राशन का वितरण भी दिखा दिया गया, लेकिन हकीकत में ग्रामीणों को खाद्यान्न मिला ही नहीं। आज भी सैकड़ों गरीब और पात्र परिवार अपने हक के राशन के लिए भटक रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में परसौली की
दुकान को ग्राम पंचायत तराया से संबद्ध कर दिया गया है, लेकिन जिन लाभार्थियों का पिछला राशन बकाया था, उन्हें आज तक वह लंबित राशन नहीं मिल पाया है। जदयू नेताओं और ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार श्रीमती सावित्री के खिलाफ पहले भी भ्रष्टाचार की कई शिकायतें हो चुकी हैं। उन्हें दो से तीन बार निलंबित भी किया जा चुका है, इसके बावजूद उनके हौसले बुलंद हैं और लगातार धांधली की जा रही है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई है। अभिलेखों की जांचरू ई-पॉस मशीन, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर और खाद्यान्न उठान से जुड़े सभी सरकारी दस्तावेजों की विस्तृत जांच हो।
दोष सिद्ध होने पर उचित दर विक्रेता का लाइसेंस हमेशा के लिए निरस्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। इस फर्जीवाड़े और खाद्यान्न हेराफेरी में संलिप्त विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाए। गरीबों के राशन में हुई किसी भी तरह की वित्तीय या खाद्यान्न अनियमितता की पूरी वसूली दोषियों से कराई जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जदयू नेताओं और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी कि यदि गरीबों के हक के राशन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन को और तेज करेंगे। इस दौरान पिंकी प्रजापति, सद्दाम हुसैन जिला उपाध्यक्ष, रविंद्र कुमार गुप्ता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, ज्योति मौर्य, बाबूलाल चौधरी, हरिराम सिंह, महेश कुमार श्रीवास्तव, सरवन कुमार कबीर, लवलेश भास्कर, उमेश यादव, रमन गुप्ता, काशी प्रसाद याज्ञिक, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आत्माराम यादव, राजाराम यादव, श्यामलाल हितैषी पूर्व प्रधान परसौली समेत एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीण उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment