नशा मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
फतेहपुर, मो शमशाद । अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस 26 जून के उपलक्ष्य में जनपद में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत 60 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट्स के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें समाज में जागरूकता का अग्रदूत बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार ने की। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स देश के अनुशासित, जागरूक और जिम्मेदार युवा हैं। ऐसे में
![]() |
| कार्यक्रम को संबोधित करतीं जिला समाज कल्याण अधिकारी। |
उनकी जिम्मेदारी केवल स्वयं को नशे से दूर रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को भी इस बुराई से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को बर्बाद कर देता है, इसलिए इससे दूर रहना ही समझदारी है। मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी शक्ति अवस्थी ने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की खुशहाली को भी छीन लेता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में यूपीवीएचए लखनऊ के रीजनल कोऑर्डिनेटर पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी समाज में अपराध और असुरक्षा को बढ़ावा देती है। उन्होंने कैडेट्स से अपने विद्यालयों, महाविद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने तथा लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों एवं सरकार द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता प्रयासों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने युवाओं से सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। अंत में सभी एनसीसी कैडेट्स और उपस्थित प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की।


No comments:
Post a Comment