सुरक्षा मानकों को लेकर दिए सख्त निर्देश
बांदा, के एस दुबे । शहरी क्षेत्र में बैंकिंग व्यवस्था को सुरक्षित रखने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन लगातार मुस्तैद है। इसी क्रम में आज अपर पुलिस अधीक्षक बांदा,शिवराज द्वारा शहर के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख बैंकों तथा एटीएम बूथों का औचक निरीक्षण व सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।इस अभियान के दौरान एडिशनल एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और बैंक प्रबंधन व सुरक्षाकर्मियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। सुरक्षा मानकों का लिया जायजा, परखे सीसीटीवी और सायरन चेकिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बैंकों के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की
कार्यप्रणाली को चेक किया। उन्होंने देखा कि कैमरे सही एंगल पर काम कर रहे हैं या नहीं और उनका बैकअप सुरक्षित है या नहीं। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बैंकों में लगे सिक्योरिटी अलार्म और सायरन की भी जांच की गई।
बैंक परिसर या एटीएम के आसपास बेवजह घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जाए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया जाए। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों को मुस्तैद रहने और बैंक में आने-जाने वाले लोगों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। एटीएम बूथों पर पर्याप्त रोशनी, काम कर रहे सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन हेल्प नंबरों की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बैंक प्रबंधन शासन और पुलिस द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। इस औचक निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक के साथ स्थानीय पुलिस बल और सुरक्षा विंग के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस चेकिंग अभियान से बैंक अधिकारियों और उपभोक्ताओं के बीच सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।


No comments:
Post a Comment