सूरज से आग, गर्म हवाओं के थपेड़ों से बेहाल आवाम - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 21, 2026

सूरज से आग, गर्म हवाओं के थपेड़ों से बेहाल आवाम

सबको राहत की बारिश का इंतजार

फतेहपुर, मो शमशाद । जून माह की भीषण गर्मी ने जनपदवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आसमान से बरसती आग, चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है, जबकि दोपहर के समय बाजारों और प्रमुख चैराहों पर सन्नाटा छा जा रहा है। पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दोपहर में चलने वाली लू जैसी गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। सबसे अधिक परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, राहगीरों और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। तेज धूप के कारण कई लोग सिर ढककर और चेहरे को कपड़ों से ढंककर सफर करने को मजबूर हैं। गर्मी का

चिलचिलाती धूप से बचाव के लिए चेहरे को कपड़े से ढके युक्तियां

असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय दुकानों और सड़कों पर भीड़ कम हो जाती है, जबकि ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी, गन्ने का रस, नारियल पानी और मौसमी फलों की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ रही है। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की खपत बढ़ने से कई स्थानों पर पेयजल संकट की स्थिति भी बनने लगी है। भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। लगातार एसी, कूलर और पंखों के चलने से बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। कई इलाकों में लोगों ने अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या की शिकायत की है, जिससे उमस भरी गर्मी में लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। चिकित्सकों का कहना है कि लू, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ सकते हैं, इसलिए सतर्क रहना आवश्यक है। जनपद में आसमान से बरसती आग और धरती से उठती तपिश के बीच लोग अब मानसून की पहली बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश की फुहारें ही इस भीषण गर्मी से राहत दिला सकती हैं। फिलहाल  सूरज के तीखे तेवर और गर्म हवाओं का कहर जारी है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages