कुल्हाड़ी, फावड़ा और सब्बल से हमला कर मचाया तांडव, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचे आरोपी
फतेहपुर, मो शमशाद । असोथर थाना क्षेत्र के सरकण्डी खास गांव में पुराने पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार की सुबह हुई कहासुनी के बाद चार लोगों ने मिलकर पिता-पुत्र पर कुल्हाड़ी, फावड़ा और सब्बल से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पदम कुमार की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उनके पिता भगवानदीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई छोट्टन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने बताया कि गांव निवासी दशरथ उर्फ संदीप निषाद, उसकी
![]() |
| असोथर पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए अभियुक्त। |
पत्नी केवल कुमारी, कमलेश और विलेश से उनके परिवार का पुराना विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी बढ़ने पर आरोपियों ने घर के बाहर रखे फावड़े, कुल्हाड़ी और सब्बल से भगवानदीन और उनके पुत्र पदम कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे छोट्टन कुमार को भी पीटकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद घायल पिता-पुत्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में पदम कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि भगवानदीन का इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए असोथर पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए कमलेश, केवल कुमारी, दशरथ उर्फ संदीप और विलेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पारिवारिक विवाद के चलते मारपीट की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी, एक फावड़ा और एक सब्बल भी बरामद किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।


No comments:
Post a Comment