ट्रेन के टायलेट की छत में छिपे गांजे को पुलिस ने किया बरामद - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, June 11, 2026

ट्रेन के टायलेट की छत में छिपे गांजे को पुलिस ने किया बरामद

तीन तस्करों को दबोचा, मास्टरमाइंड तलाश तेज

फतेहपुर, मो शमशाद । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खागा पुलिस ने एक बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बारह किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में तस्करी का ऐसा तरीका सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। आरोपी ट्रेन के शौचालय की छत में बने गोलाकार कवर के अंदर गांजा छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक लाते थे और जांच एजेंसियों की नजरों से बच निकलते थे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों, माफियाओं, टॉप-10 अपराधियों एवं मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खागा के पर्यवेक्षण में थाना खागा पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन

पुलिस टीम की गिरफ्त में गांजा तस्कर।

चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दस जून को दोपहर करीब 1.15 बजे महिचा मंदिर रामपुर मोड़ के पास पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान संदीप कुमार जैसवाल निवासी चित्रकूट, सुरेश निषाद तथा पिंटू यादव निवासी बांदा के कब्जे से कुल बारह किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, 920 रुपये नकद, दो यात्रा टिकट और एक स्क्रू ड्राइवर भी बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों से हुई पूछताछ में तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि शिवम शिवहरे नामक व्यक्ति उन्हें उड़ीसा भेजता था, जहां से वे गांजा खरीदकर ट्रेन के माध्यम से उत्तर प्रदेश लाते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे ट्रेन के शौचालय में लगे ऊपरी गोलाकार कवर को स्क्रू ड्राइवर से खोलकर उसके अंदर गांजा छिपा देते थे और गंतव्य स्टेशन आने से पहले उसे निकालकर दोबारा स्क्रू कस देते थे, जिससे किसी को शक न हो। आरोपी निजी वाहनों के बजाय ट्रेन और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते थे ताकि पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। पूछताछ में यह भी सामने आया कि जनपद पहुंचने के बाद आरोपी गांजा शिवम शिवहरे को सौंप देते थे, जो उसकी फुटकर बिक्री करता था। इसके बदले उन्हें प्रति किलोग्राम गांजा लाने पर एक हजार रुपये पारिश्रमिक दिया जाता था, जबकि यात्रा, भोजन और अन्य खर्च भी वही वहन करता था। पुलिस के अनुसार पूरे नेटवर्क का संचालन और नियंत्रण शिवम शिवहरे द्वारा किया जा रहा था तथा गिरफ्तार आरोपी उसके निर्देश पर गांजा लाने और पहुंचाने का काम करते थे। मामले में थाना खागा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार नामजद आरोपी शिवम शिवहरे की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई है। खागा पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages