शिक्षिका चंपा शर्मा की पुस्तक का बीएसए ने किया विमोचन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, June 10, 2026

शिक्षिका चंपा शर्मा की पुस्तक का बीएसए ने किया विमोचन

फतेहपुर, मो शमशाद । नगर क्षेत्र की शिक्षिका एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित चंपा शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक नवाचार-एक पहल का विमोचन बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्या ने किया। पुस्तक विमोचन के दौरान शिक्षा में नवाचारों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। चंपा शर्मा ने बताया कि वह अब तक कई पुस्तकों का लेखन कर चुकी हैं। उनकी नवीनतम पुस्तक नवाचार-एक पहल के लिए देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षकों से नवाचार आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त नवाचारों में से चयनित नवाचारों को पुस्तक में स्थान दिया गया है। इस पुस्तक में 39 शिक्षकों के उत्कृष्ट नवाचारों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तक का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रोचक और आनंददायक बनाना है।

 शिक्षिका चंपा शर्मा की पुस्तक का विमोचन करतीं बीएसए।

नवाचारों के माध्यम से कक्षा का वातावरण बच्चों के लिए आकर्षक बनता है, जिससे उनकी सीखने की क्षमता और रुचि दोनों में वृद्धि होती है। चंपा शर्मा ने बताया कि वह अपने विद्यालय में कई अभिनव प्रयोग सफलतापूर्वक संचालित कर रही हैं। इनमें पैड बैंक, स्कूल चिल्ड्रन बैंक, गुल्लक नवाचार समेत अनेक नवाचार शामिल हैं। उनके इन प्रयासों को राज्य स्तरीय पुस्तकों में स्थान मिल चुका है तथा उन्हें मंडल और प्रदेश स्तर पर कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पुस्तकें अन्य शिक्षकों को भी नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। खेल-खेल में सीखने और गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है तथा उनका विद्यालय और शिक्षकों से जुड़ाव भी मजबूत होता है। पुस्तक विमोचन के अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने चंपा शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। नई शिक्षा नीति के अनुरूप नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने में यह पुस्तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages