करंट लगने से दो मासूम सगे भाई-बहन की मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 17, 2026

करंट लगने से दो मासूम सगे भाई-बहन की मौत

बांदा, के एस दुबे । जनपद के तिंदवारा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ घर में खेल रहे दो मासूम सगे भाई-बहन की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हृदयविदारक हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ, जिससे पीड़ित परिवार सहित पूरे गाँव में सन्नाटा पसर गया है और हर आँख नम है। मृतक बच्चों की पहचान 5 वर्षीय प्रांशी और 3 वर्षीय शनि के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों मासूम बच्चे सुबह करीब 9 बजे गाँव के ही सरकारी प्राथमिक विद्यालय तिंदवारा गए थे। इसी वर्ष दोनों का स्कूल में यह पहला सत्र  था। करीब 9.30 बजे वे स्कूल से घर लौटे, खाना खाया और आँगन में खेलने लगे।हादसे के वक्त बच्चों की माँ घर के काम में व्यस्त थीं और बर्तन धो रही थीं। इसी बीच, 3 साल का मासूम शनि


खेलते-खेलते अचानक घर में फैले किसी लाइव वायर की चपेट में आ गया और तड़पने लगा। भाई को तड़पता देख 5 साल की बड़ी बहन प्रांशी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी उसी करंट की चपेट में आ गई। घर में ही मौजूद उनकी एक और 4 वर्षीय बहन प्रांजलि ने अपनी आँखों के सामने भाई-बहन को तड़पते देखा और चीखते हुए तुरंत माँ को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बदहवास माँ और परिजन बच्चों को बचाने दौड़े और आनन-फानन में लाइन बंद की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों मासूमों की मौके पर ही सांसें थम चुकी थीं। इस घटना ने पूरे गाँव को हिलाकर रख दिया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित दंपती की शादी को लगभग 14 वर्ष हो चुके हैं और बड़ी मन्नतों के बाद उनके घर बच्चों की किलकारी गूंजी थी। बच्चों के पिता मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। एक साथ दो चिरागों के बुझ जाने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों मासूमों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जाँच की जा रही है ताकि करंट लगने के सही कारणों और लापरवाही का स्पष्ट पता चल सके।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages