बांदा, के एस दुबे । पुलिस कार्यालय बांदा में कार्यरत चीफ एकाउंटेंट सीमा के स्थानांतरण होने पर बांदा उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान के तत्वाधान में एक भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के अध्यक्ष गोविंद सिंह कछवाह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों और पुलिस कार्यालय के कर्मचारियों ने सीमा मैडम को अंग वस्त्र एवं भगवान शंकर का चित्र भेंट कर उनके सुखद भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान के अध्यक्ष गोविंद सिंह कछवाह ने कहा कि
स्थानांतरण विभाग की एक सामान्य और निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, सेवाकाल में आना-जाना लगा रहता है। लेकिन कुछ अधिकारी और कर्मचारी अपनी कार्यशैली से लोगों के दिलों में ऐसी जगह बना लेते हैं जो सदैव याद किए जाते हैं।
अध्यक्ष ने सीमा की सराहना करते हुए कहा कि अत्यंत ही सीधे, सरल स्वभाव और ईमानदार छवि के लिए चर्चित चीफ एकाउंटेंट सीमा ने अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस पेंशनरों के कार्यों को सदैव प्राथमिकता दी। उन्होंने सभी के साथ मधुर व्यवहार स्थापित कर उनके कार्य किए और उनकी यही कार्यशैली हमेशा अपनों का आभास कराती रहेगी। इस भावपूर्ण विदाई कार्यक्रम में संस्थान के महासचिव जय करन सिंह, मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश द्विवेदी, एडवोकेट शंखपांड़ि मिश्रा, महेंद्र सिंह तोमर और अलकू विश्वकर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही पुलिस कार्यालय परिवार की ओर से ए.एस.आई. (लेखा) संदीप यादव, उर्दू अनुवादक इम्तियाज अहमद, हेड कांस्टेबल चिंता मणि यादव, कांस्टेबल अमित वर्मा, कांस्टेबल उदय, महिला आरक्षी दीप माला सहित काफी संख्या में पुलिस कार्यालय के कर्मचारी व पेंशनर गण मौजूद रहे और सभी ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी।


No comments:
Post a Comment