डॉक्टर्स डे पर बच्चों को बांटी होम्योपैथिक दवा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, July 1, 2026

डॉक्टर्स डे पर बच्चों को बांटी होम्योपैथिक दवा

पढ़ाई का सामान व स्वच्छता का दिया मंत्र

फतेहपुर, मो शमशाद । राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) पर स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरोग्य भारती एवं दि होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान व डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता एवं औषधि वितरण अभियान चलाया गया।

बच्चों को होम्योपैथिक दवा व पढ़ाई का सामान वितरित करते रेडक्रास चेयरमैन।

अभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने बिरसा मुंडा सरस्वती संस्कार केंद्र पहुंचकर बच्चों को बरसात के मौसम में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सहायक होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए भोजन करने से पहले और शौच के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की आदत अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी है और छोटी-छोटी सावधानियां कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती हैं। कार्यक्रम में बच्चों को स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा के प्रति भी प्रेरित किया गया। उन्हें कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर सहित अन्य पठन-पाठन सामग्री वितरित कर उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया गया। संस्कार केंद्र के प्रमुख आचार्य रामनारायण ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सेवा कार्य बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने इस जनकल्याणकारी अभियान की प्रशंसा की।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages