हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में जुटी भाजपा, 10 से 15 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 5, 2026

हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में जुटी भाजपा, 10 से 15 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन

13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, प्रत्येक घर पर फहराया जाएगा राष्ट्रध्वज

देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और युवाओं को संवैधानिक कर्तव्यों से जोड़ना अभियान का उद्देश्य : आनंद सिंह

बांदा, के एस दुबे । आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के तहत 10 से 15 अगस्त तक जिले भर में तिरंगा यात्राएं, स्वच्छता अभियान, गोष्ठियां एवं अन्य राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी रूपरेखा तय करने के लिए भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत की अध्यक्षता में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद


सिंह ने कहा कि 10 से 15 अगस्त तक मंडल, विधानसभा और जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। वहीं 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उद्देश्य से 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। आनंद सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करना, राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना तथा युवाओं को उनके संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सेवा, सुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

उन्होंने बताया कि 13 एवं 14 अगस्त को शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गोष्ठियों का आयोजन तथा मौन जुलूस निकाला जाएगा। इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला में पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, अशोक त्रिपाठी 'जीतू', चंद्र प्रकाश खरे, दिनेश तिवारी, पूर्व विधायक राजकरन कबीर, अजय पटेल, संगीता वेद निराला, वंदना गुप्ता, ममता मिश्रा, रामभवन उपाध्याय, सुधीर कुशवाहा, निखिल सक्सेना, उत्तम सक्सेना, रूपा चौहान, निर्मला गौतम, दुर्गा चौरसिया, अमित सेठ 'भोलू', राकेश गुप्ता, रमन सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages