एक प्रधानाचार्य को दिया गया तीन जगह का कार्यभार
बांदा, के एस दुबे । पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, पचनही की प्रवक्ता डॉ. अनीता सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) बांदा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके विरुद्ध झूठे आरोप लगाकर उन्हें अवैध रूप से प्रधानाचार्य के प्रभार से हटाया गया तथा उनकी आईडी का दुरुपयोग कर बिना अनुमति के करीब 2.98 लाख रुपये की फर्नीचर खरीद कर ली गई। शिकायती पत्र में डॉ. अनीता सिंह का कहना है कि वह वरिष्ठतम होने के नाते शासनादेश के अनुसार विद्यालय में प्रभारी प्रधानाचार्य का दायित्व निभा रही थीं। आरोप है कि डीआईओएस ने 1 अप्रैल 2026 के आदेश से उनका प्रभार समाप्त कर दूसरे विद्यालय के प्रधानाचार्य को प्रभार सौंप दिया, जो नियमों के विपरीत है। उन्होंने यह भी
आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा उन पर लगातार दबाव बनाया गया तथा बिना तथ्यात्मक जांच के उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। पत्र में आउटसोर्स कर्मचारी की नियुक्ति, कार्यभार ग्रहण कराने और विभागीय पत्राचार से जुड़े कई बिंदुओं का भी उल्लेख किया गया है। डॉ. अनीता सिंह ने सबसे गंभीर आरोप यह लगाया कि 22 जून 2026 को उनके जेम (GeM) पोर्टल की आईडी और ओटीपी लेकर उनकी जानकारी और सहमति के बिना 2,98,500 रुपये के फर्नीचर की खरीदारी कर ली गई, जिसे उन्होंने धोखाधड़ी और साइबर अपराध बताया है।
शिकायत में उन्होंने यह भी कहा कि एक महिला अधिकारी होने के बावजूद उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित और अपमानित किया गया। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध आदेश को निरस्त करने, विद्यालय का प्रभार वापस दिलाने तथा कथित धोखाधड़ी और साइबर अपराध की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। जब पूरे मामले की जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक से लेनी चाहि तो उनका कहना था कि अनीता सिंह से ही जानकारी कर ले नियम अनुसार उनका हटाया गया है इसलिए प्रार्थना पत्र दे रही है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment