नेशनल हाइवे-35 पर लगाया भीषण जाम, एंबुलेंस भी फंसी
बांदा, के एस दुबे । जनपद के बड़ोखर खुर्द ब्लॉक अंतर्गत भरखरी गांव के भवानीपुरवा मजरे में पिछले 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़े होने के कारण ग्रामीणों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित लगभग 100 से अधिक ग्रामीण शनिवार को सड़कों पर उतर आए और नेशनल हाईवे-35 पर भरखरी गेट के पास चक्काजाम कर दिया। हाईवे पर ग्रामीणों के अचानक धरने पर बैठने से दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम के इस
भयावह मंज़र के बीच एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही, जिससे मरीजों के परिजनों और आम राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि भवानीपुरवा मजरे में लगे ट्रांसफार्मर के बीते दो हफ्तों से जल जाने के कारण पूरा गांव अंधेरे में डूब गया है। बिजली आपूर्ति ठप होने से नलों और समर्सिबल पंपों ने काम करना बंद कर दिया है, जिससे गांव में पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सावन के इस सीजन में बिजली न मिलने से खेतों की सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हुई है। किसानों की धान की बेड (पौध/नर्सरी) पानी के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई है, जिससे भारी नुकसान का डर सता रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से लगातार गुहार लगाई गई, लेकिन विभागीय संवेदनहीनता के कारण अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और विद्युत विभाग के आला अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का ठोस आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद करीब में दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद हाईवे पर आवागमन बहाल हो सका। ग्रामीणों ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि दिए गए आश्वासन के अनुसार जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


No comments:
Post a Comment