बांदा, के एस दुबे । सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने शनिवार को विकासखंड महुआ एवं बड़ोखर खुर्द में लगभग ₹4.30 करोड़ की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के प्रथम चरण में विकासखंड महुआ में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा लगभग ₹1.94 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले गेस्ट हाउस का शिलान्यास किया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत भरखरी स्थित कबीर आश्रम में पर्यटन विभाग की ओर से लगभग ₹1.05 करोड़ की लागत से पर्यटन हॉल, सीसी रोड, भव्य प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इसी क्रम में बुंदेलखंड विकास निधि से स्वीकृत ग्राम भरखरी में लगभग ₹40 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन (बारात घर) की आधारशिला भी रखी गई, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। लोकार्पण कार्यक्रम के तहत विधायक ने ग्राम अरबई में लगभग ₹29 लाख की लागत से निर्मित तीन सीसी सड़कों तथा लगभग ₹19 लाख की लागत से बने बारात घर का उद्घाटन किया। वहीं विकासखंड बड़ोखर खुर्द के ग्राम कतरावल में लगभग ₹25 लाख की लागत से निर्मित दो सीसी सड़कों एवं लगभग ₹13 लाख की लागत से बने बारात घर का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सामुदायिक भवन, पर्यटन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बांदा सदर विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रेमस्वरूप द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, ग्राम प्रधान बेटालाल श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य धीरज राजपूत, खंड विकास अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment