अभ्युदय सेंटर पहुंचे डीएम, बोले- सोशल मीडिया से दूरी बनाकर 8 से 10 घंटे करें पढ़ाई - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 5, 2026

अभ्युदय सेंटर पहुंचे डीएम, बोले- सोशल मीडिया से दूरी बनाकर 8 से 10 घंटे करें पढ़ाई

जिला पुस्तकालय, निर्माणाधीन सभागार और सूचना कार्यालय का भी किया निरीक्षण

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अनुशासन, नियमित अध्ययन और सोशल मीडिया से दूरी बनाने का संदेश देते हुए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बुधवार को राजकीय जिला पुस्तकालय स्थित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। प्रतिदिन 8 से 10 घंटे लक्ष्य तय कर पढ़ाई करें और इंटरनेट का उपयोग केवल अध्ययन के लिए करें। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर मेहनत से किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है।


जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अभ्युदय योजना के तहत 301 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 360 हो गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि किसी विषय के अध्यापन में कमी महसूस हो तो इसकी जानकारी सीधे उन्हें दें, ताकि समय रहते व्यवस्था में सुधार किया जा सके। उन्होंने समन्वयक को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा केवल औपचारिकता निभाने वाले विद्यार्थियों की काउंसिलिंग करने के निर्देश दिए। 

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने राजकीय जिला पुस्तकालय, निर्माणाधीन अभ्युदय सभागार और जिला सूचना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। पुस्तकालय में चल रहे वाटर कूलर, साइकिल स्टैंड, टफन ग्लास और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए परिसर की नियमित सफाई, जलभराव की स्थायी व्यवस्था और रेन वाटर हार्वेस्टिंग विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालय प्रभारी को प्रतियोगी छात्रों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने को कहा। निर्माणाधीन अभ्युदय सभागार में जिलाधिकारी ने मैनपावर बढ़ाकर कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मार्ग से सभागार तक संपर्क मार्ग का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने को कहा। जिला सूचना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान भवन के सौंदर्यीकरण, मरम्मत, शौचालयों के जीर्णोद्धार, नई बेंचों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक कार्यों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. वैभव त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी सुरेंद्र कुमार, अवर अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह, पुस्तकालय प्रभारी प्रदीप नारायण शुक्ला, अभ्युदय समन्वयक सी.पी. पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages