चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : राजापुर थाना सभागार में शनिवार को पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता की मौजूदगी में थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 16 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों में अवैध कब्जा, भूमि की पैमाइश और बंटवारे से संबंधित मामले प्रमुख रहे।
एसपी ने कहा कि सभी शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाएं तथा दोनों पक्षों की मौजूदगी में निष्पक्ष तरीके से जांच कर कार्रवाई करें। उन्होंने राजस्व कर्मियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव न हो और कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक नरेश प्रजापति, उपनिरीक्षक अनिल सिंह सहित थाना क्षेत्र के राजस्व कर्मी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment