बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । मरका थाना क्षेत्र के कुमेढ़ा गांव निवासी नरेंद्र कुशवाहा के 25 वर्षीय पुत्र पुष्पेंद्र कुमार ने बीती मध्य रात्रि अपने खेत पर बने मुर्गी फार्म के छप्पर की धन्नी से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। घटना का पता तब चला जब मृतक का भाई धर्मेंद्र देर रात बाँदा से वापस घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद जब धर्मेंद्र ने पुष्पेंद्र को फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद धर्मेंद्र खेत स्थित मुर्गी फार्म पहुंचा, जहां बिस्तर खाली था। आसपास तलाश करने पर जब उसने देखा तो पुष्पेंद्र फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही धर्मेंद्र के पैरों तले जमीन खिसक गई और उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक पुष्पेंद्र तीन भाइयों और चार बहनों में चौथे नंबर का था। जवान बेटे की मौत से मां रंन्नो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुबह परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मरका थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बाँदा भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मरका थाना प्रभारी सुवेदार बिन्द बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।"


No comments:
Post a Comment