सीएसजेएमयू में मीडिया छात्रों व वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए एआई टूल्स पर दो दिवसीय कार्यशाला का होगा आयोजन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 5, 2026

सीएसजेएमयू में मीडिया छात्रों व वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए एआई टूल्स पर दो दिवसीय कार्यशाला का होगा आयोजन

कानपुर, प्रदीप शर्मा - छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा 7 एवं 8 अगस्त, 2026 को इनिशियल एआई टूल्स आँन मीडिया "ए प्रैक्टिस गाइड“ विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला का उद्देश्य पत्रकारिता, जनसंचार और डिजिटल मीडिया के विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा मीडिया क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता  पर  आधारित आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना तथा उन्हें मीडिया उद्योग की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना है। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के  कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन  में आयोजित की जायेगी। कार्यक्रम का समन्वयन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी तथा


सह-समन्वयन डॉ. होइमावती तालुकदार द्वारा किया जायेगा। आज के डिजिटल युग में मीडिया की कार्यप्रणाली तेजी से बदल रही है। समाचार लेखन, रिपोर्टिंग, वीडियो निर्माण, सोशल मीडिया प्रबंधन, फैक्ट-चेकिंग और कंटेंट डिज़ाइन जैसे अनेक क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका निरंतर बढ़ रही है। ऐसे समय में यह कार्यशाला प्रतिभागियों को एआई आधारित टूल्स के व्यावहारिक उपयोग, उनकी संभावनाओं तथा जिम्मेदार एवं नैतिक प्रयोग की समझ विकसित करने का  अवसर प्रदान करेगी।

कार्यशाला के प्रथम दिवस का विषय एक्सप्लोरिंग एआई फॉर कंटेंट क्रिएशन रखा गया है। इस दिन विभिन्न विशेषज्ञ मीडिया क्षेत्र में एआई के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। डॉ. होइमावती तालुकदार प्रतिभागियों को एआई टूल्स फॉर राइटिंग एंड रिसर्च  विषय पर संबोधित करेंगी, जिसमें कंटेंट लेखन, अकादमिक शोध, सूचना प्रबंधन और शोध कार्यों को सरल एवं प्रभावी बनाने वाले एआई टूल्स का प्रदर्शन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त हुमा आलम, प्रियंका, स्वाति कनौजिया द्वारा एआई के विभिन्न आयामों पर जानकारी दी जायेगी। कार्यशाला के द्वितीय दिवस का मुख्य विषय “ ए फॉर स्ट्रेटजी प्रोडक्टिविटी एंड फ्यूचर मीडिया रहेगा। इस दिन आदित्य यादव, मुक्ति गुप्ता द्वारा प्रतिभागियों को एआई के नैतिक उपयोग, तथ्य सत्यापन, भविष्य की चुनौतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला का आयोजन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, सीएसजेएम विश्वविद्यालय, कानपुर में किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीए-जेएमसी पंचम सेमेस्टर, एमए-जेएमसी तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी तथा पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवा एवं मीडिया प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. दिवाकर अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया उद्योग तेजी से एआई आधारित तकनीकों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि इन तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी अत्यंत आवश्यक है। यह कार्यशाला प्रतिभागियों को आधुनिक मीडिया परिवेश की मांगों के अनुरूप तैयार करेगी और उन्हें नवीन तकनीकों के प्रभावी उपयोग का अवसर प्रदान करेगी।

सह-समन्वयक डॉ. होइमावती तालुकदार ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को एआई टूल्स का केवल परिचय देना नहीं, बल्कि उन्हें वास्तविक मीडिया कार्यों—जैसे लेखन, शोध, रिपोर्टिंग, डिज़ाइन, वीडियो निर्माण, सोशल मीडिया रणनीति और फैक्ट-चेकिंग—में इनका प्रभावी एवं जिम्मेदार उपयोग सिखाना है। इससे विद्यार्थियों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ेगी और वे भविष्य के मीडिया परिदृश्य में अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेंगे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages