शहीदों के गांव पांडे पुरवा की सीसी रोड पर विवाद, निर्माण रोकने का आरोप - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 2, 2026

शहीदों के गांव पांडे पुरवा की सीसी रोड पर विवाद, निर्माण रोकने का आरोप

ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार

अतर्रा /बाँदा, के एस दुबे । ग्राम पंचायत महुटा के अंतर्गत शहीदों के गांव के रूप में प्रसिद्ध पांडे पुरवा तक बनने वाली सड़क के निर्माण में कुछ लोगों द्वारा विरोध किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बुंदेलखंड विकास निधि से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को कुछ लोग अपनी भूमिधरी भूमि बताते हुए बाधित कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 1,600 मीटर डामरीकरण और 200 मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। यह मार्ग वर्षों से ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य रास्ता है और लंबे


समय से इसके पक्कीकरण की मांग की जा रही थी। निर्माण शुरू होने के बाद कुछ लोगों ने इसे अपनी निजी भूमि बताते हुए कार्य रुकवाने का प्रयास किया। समाधान दिवस में शशिकांत, मनोज कुमार, गंगाप्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी अतर्रा शैलेंद्र मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पांडे पुरवा तक जाने वाला यह रास्ता पिछले लगभग 50 वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में है। ग्राम पंचायत द्वारा पहले भी इस पर गिट्टी-मोरम डलवाई जा चुकी है और अब पीडब्ल्यूडी द्वारा विधिवत पैमाइश के बाद सड़क निर्माण शुरू कराया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि नंदकिशोर पुत्र राजेंद्र प्रसाद एवं श्यामलाल उर्फ कल्लू सहित कुछ लोग भूमिधरी का दावा करते हुए सड़क निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए और सड़क निर्माण बिना रुके पूरा कराया जाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने राजस्व विभाग की टीम को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजकर पैमाइश कराने तथा निर्माण कार्य में आ रही बाधा का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शहीदों के गांव तक बेहतर सड़क संपर्क लंबे समय से उनकी प्रमुख मांग रही है। ऐसे में किसी भी प्रकार की बाधा दूर कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाना जनहित में आवश्यक है।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages