1 किलोमीटर पक्का मार्ग बनवाने की उठाई मांग
बाँदा, के एस दुबे । ग्राम मवई बुजुर्ग के किसानों ने खेतों तक पहुंचने का रास्ता बंद होने की समस्या को लेकर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है। किसानों का कहना है कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की बाउंड्री दीवार के कारण उनकी लगभग 300 बीघा कृषि भूमि तक पहुंच पूरी तरह बाधित हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार, उनकी निजी भूमिधरी जमीन के एक ओर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का फ्लाईओवर है, जबकि दूसरी ओर बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने संबंधित भूमि
को अपनी बताते हुए आम रास्ते पर बाउंड्री दीवार बना दी है। इससे वर्षों से उपयोग में आने वाला मार्ग बंद हो गया है और किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि रास्ता बंद होने से खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो गया है। फसल की बुवाई, सिंचाई और कटाई जैसे जरूरी कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि चाहितारा मोड़ से चिल्ला रोड तक लगभग एक किलोमीटर लंबा पक्का मार्ग बनवाया जाए, जिससे किसानों को अपने खेतों तक आने-जाने के लिए स्थायी सुविधा मिल सके। ज्ञापन देने वालों में संतोष कुमार सविता, रामजी त्रिवेदी, रामबरण यादव, विनय कुमार, श्रीराम, श्रवण, सुमित सिंह, राकेश सिंह, दयाराम यादव, छत्रपाल सविता, देवीदीन यादव, पंचा सविता, सुखनंदी, रामदास, ओमप्रकाश, मोलवा, जगदीश, लाखन सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे। इस दौरान सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह शीघ्र ही मौके का निरीक्षण करेंगे और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर किसानों की समस्या का समाधान कराने का हरसंभव प्रयास करेंगे।


No comments:
Post a Comment