चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में मंगलवार को पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों की फीडिंग की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुरूप केवल अभिभावक का आय प्रमाण-पत्र ही संलग्न किया जाए तथा पात्र और वास्तविक विद्यार्थियों का शत-
प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति का विशेष ध्यान रखने और सभी अभिलेख व ऑनलाइन डाटा त्रुटिरहित अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। मुख्य विकास अधिकारी को जिला स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से विद्यालयों द्वारा किए जा रहे सत्यापन का रैंडम जांच कराने के निर्देश दिए। बैठक में विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों की नियमित निगरानी की जाए और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment