चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने मंगलवार को विकासखंड कर्वी के ग्राम तरौंहा पहुंचकर वंदन योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पहले माता झारखंडी धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद, प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष मंदिर परिसर में बाउंड्री वॉल और यात्री शेड निर्माण की मांग
रखी। इस पर उन्होंने बताया कि संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है तथा आगामी वर्ष वंदन योजना के अंतर्गत आवश्यक कार्यों को स्वीकृति के लिए पुनः प्रस्तावित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद द्वारा वंदन योजना के तहत लगभग 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित 200 मीटर लंबी सीसी सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जानकारी ली। नगर पालिका परिषद के कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि सड़क का निर्माण क्यू-टेस्ट सहित सभी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया गया है। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने ग्राम तरौंहा स्थित सुर्की राजवंश के ऐतिहासिक किले का भी भ्रमण किया। उन्होंने किले की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्ता का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह परीक्षण कराया जाए कि किला राज्य पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है अथवा नहीं। साथ ही अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को परिसर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह ऐतिहासिक धरोहर किसी भी स्थिति में असामाजिक तत्वों या शराबियों का अड्डा नहीं बनने पाए। डीएम ने पार्क योजना के अंतर्गत किले के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सुनियोजित विकास से इस ऐतिहासिक स्थल का संरक्षण होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी मजबूत होगी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी लालजीत यादव, कनिष्ठ अभियंता शुभम तिवारी, सभासद शंकर यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment